पलवल में आगरा चौक से न्यू कॉलोनी तक 18 करोड़ की मॉडल रोड परियोजना शुरू - गौरव गौतम
पलवल
हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि नगर परिषद पलवल द्वारा शहर के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आगरा चौक से न्यू कॉलोनी तक मॉडल रोड परियोजना का शुभारंभ 18 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। यह परियोजना पलवल शहर के विकास की दृष्टि से मील का पत्थर साबित होगी और आम नागरिकों को बेहतर यातायात एवं सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। साथ ही आधुनिक साइकिल ट्रैक और सुरक्षित पैदल पथ का निर्माण किया जाएगा, ताकि आमजन, विशेषकर विद्यार्थी, बुजुर्ग एवं कामकाजी लोग सुरक्षित आवागमन कर सकें। परियोजना में हरित पट्टी एवं सौंदर्यीकरण कार्य भी शामिल है, जिससे शहर का पर्यावरण संतुलन बेहतर होगा और मार्ग का स्वरूप आकर्षक बनेगा।
श्री गौतम ने बताया कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा, जिससे बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त प्रमुख चौराहों का आधुनिकीकरण कर यातायात प्रबंधन को और प्रभावी बनाया जाएगा। परियोजना में दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों के लिए समावेशी डिजाइन, रैंप, टैक्टाइल टाइल्स और स्मार्ट स्ट्रीट फर्नीचर की व्यवस्था की जाएगी। पर्यावरण-अनुकूल प्रकाश व्यवस्था और अन्य आधुनिक सुविधाएं इस सड़क को स्मार्ट सिटी मानकों के अनुरूप बनाएंगी। खेल मंत्री ने बताया कि नगर परिषद के अनुसार, इस मॉडल रोड के निर्माण से ट्रैफिक जाम में कमी आएगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। यह ड्रीम प्रोजेक्ट भविष्य में शहर के अन्य मार्गों के विकास के लिए भी मार्गदर्शक सिद्ध होगा। उन्होंने पलवल शहर के नागरिकों से अपील की है कि निर्माण कार्य के दौरान सहयोग बनाए रखें, ताकि निर्धारित समयावधि में यह परियोजना पूर्ण कर पलवल को एक आधुनिक एवं सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित किया जा सके।