नैत्र दान करके उजाला कर गये गोबिंद तनेजा अन्जान के अंधेरे जीवन में
पलवल
हर इंसान चाहता है कि जीवन मे ऐसा कुछ करे कि मरने के बाद भी लोग उसे याद करें। लेकिन इसके लिए कुछ असाधारण काम करने होते हैं। जिंदगी यह मौका हर किसी को नहीं देती। लेकिन अंतिम समय में इंसान के मन में यह बात जरूर आती है कि काश, मैं भी कुछ असाधारण काम, कुछ अच्छे काम कर पाता ताकि मेरा अगला जन्म सुधर जाता।
ऐसा ही पुण्य का कार्य करके पलवल की न्यू कालोनी के रहने वाले समाजसेवी प्रकाश वीर चौधरी के छोटे भाई समाज सेवी गोबिन्द तनेजा के स्वर्गवास के बाद उनके परिजन कोमल, विपुल तनेजा, नेहा, पवन भुटानी स्वाति, पुनीत मक्कड़ ने उनके नेत्र पलवल डोनर्स क्लब 'ज्योतिपुंज' की मदद से नागरिक अस्पताल पलवल की नेत्रदान टीम को करवा दिये। पलवल डोनर्स क्लब " ज्योतिपुँज" के संयोजक आर्यवीर लायन विकास मित्तल ने बताया कि एक व्यक्ति के द्धारा किये गये नेत्रदान से कम से कम दो लोगों को नेत्र ज्योति दी जा सकती है। कमाए हुए धन को दान करने में तो एक बार इंसान संकोच करता है, लेकिन रक्तदान, नेत्रदान, अंगदान करने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना चाहिए। इस नेत्रदान में माल गोदाम मोक्षधाम के अध्यक्ष पवन भुटानी और पलवल डोनर्स क्लब की सहसंयोजक अल्पना मित्तल का विशेष सहयोग रहा।इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने नेत्रदानी परिवार और पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुँज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नेत्रदान महादान है। इससे बड़ा कोई दान नहीं है। हम इससे किसी दृष्टिहीन के अँधेरे जीवन में रोशनी भर सकते हैं। इस अवसर पर नागरिक अस्पताल के नेत्र बैंक की टीम के डा. मनीषा, नेत्रदान काउंसलर दर्शन, ओ.ए. श्रषिराज, Lt दीपक आदि उपस्थित थे।