सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के लोक कलाकार धर्मबीर सिंह तंवर हुए सेवानिवृत्त

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के लोक कलाकार धर्मबीर सिंह तंवर हुए सेवानिवृत्त

पलवल
सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के पलवल स्थित जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में लीडर भजन पार्टी के पद पर कार्यरत धर्मबीर सिंह तंवर 60 वर्ष की आयु पूरी करने उपरांत अपने पद से सेवानिवृत्त हो गए। जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में सोमवार को एलबीपी धर्मबीर सिंह तंवर के सम्मान में जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार व अधीक्षक राजबीर सिंह के कुशल मार्गदर्शन में विदाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया और धर्मबीर सिंह तंवर को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ शानदार विदाई दी गई। इस अवसर पर डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार व सभी कर्मचारियों की ओर से धर्मबीर सिंह तंवर का फूल मालाओं के साथ सम्मान स्वरूप पगड़ी पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।भजन पार्टी लीडर धर्मबीर सिंह तंवर ने 01 अगस्त 1988 को तहसील पलवल जिला फरीदाबाद में बतोर एलबीपी के पद पर अपनी सेवा की शुरुआत की थी। उन्होंने जिला फरीदाबाद, समालखा जिला पानीपत व जिला पलवल के कार्यालय में विभाग को अपनी अच्छी सेवाएं प्रदान की। धर्मबीर सिंह तंवर ने लगभग 38 साल की सेवा उपरांत आज पलवल जिला से सेवानिवृत्त हो गए। जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी सेवाओं से मुक्त होना सरकारी प्रक्रिया का भाग है। सभी को एक दिन सेवामुक्त होना है लेकिन अधिकारी-कर्मचारी की सेवानिवृति का वो क्षण तब सुखद हो जाता है, जब बेदाग सेवानिवृत्ति होने का अवसर प्राप्त होता है।डीआईपीआरओ ने उनके बेहतर स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य व सुखद जीवन की कामना की।
अधीक्षक राजबीर सिंह ने धर्मबीर सिंह तंवर को नेक दिल इंसान, बेहतरीन कर्मचारी व मिलनसार व्यक्तित्व का धनी बताते हुए उनकी कार्य कुशलता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जब कोई अधिकारी या कर्मचारी नियुक्त होता है, उसकी सेवानिवृति का दिन भी उसी दिन निर्धारित हो जाता है। एलबीपी धर्मबीर सिंह ने कहा कि अपने सेवाकाल के दौरान उन्हें अपने अधिकारी और कर्मचारी साथियों का हर समय सहयोग मिला, जिसके लिए वे सदा उनके आभारी रहेंगे। इस अवसर पर विभाग के भजन पार्टी कलाकारों ने एलबीपी धर्मबीर सिंह के सम्मान में लोकगीत व भजन प्रस्तुत कर उन्हें शानदार विदाई दी। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, सहज सिंह सहरावत, लेखाकार विनोद धनखड़, सूचना केंद्र सहायक सतीश कुमार, पूजा, प्रियंका, कृपा, नितेश, राजेश कुमार, रवि, प्रवीण कुमार, लल्लूराम, दुलीचंद शर्मा, हेतराम, रणजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह, महीपाल सिंह, हरकेश, देवेंद्र तेवतिया, जगदीशचंद, दीपक, महेश कुमार, धर्मबीर सिंह तंवर के स्वजन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।