पलवल में 28 मार्च को होगा फिट इंडिया कार्यक्रम का आयोजन - उपायुक्त
पलवल
जिला प्रशासन द्वारा जिला खेल विभाग के सहयोग से शनिवार 28 मार्च को सुबह 7 बजे से लेकर 10 बजे तक पलवल स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में फिट इंडिया कार्यक्रम को आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने फिट इंडिया कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर लघु सचिवालय स्थित सभागार में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि फिट इंडिया कार्यक्रम के लिए एडीसी डा. सुभिता ढाका को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उपायुक्त ने कहा कि फिट इंडिया कार्यक्रम के तहत सूर्य नमस्कार, योग, जुम्बा, रस्साकशी, मटका रेस, मटका डांस, म्यूजिकल चेयर, खुला हूप्स, लेमन रेस, स्पून रेस, लांग जंप, हाई जंप सहित अनेक प्रकार की फन गतिविधियां आयोजित करवाई जाएंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूरी तैयारी रखने के निर्देश देते हुए विद्यार्थियों और युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशा जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहें और इस प्रकार के फिट इंडिया कार्यक्रम में भाग लेकर अपने आप को फिट बनाएं। फिट इंडिया के तहत विभिन्न प्रकार की खेल गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जन-सामान्य में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है। बैठक में पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला, एडीसी डा. सुभिता ढाका, एसडीएम पलवल ज्योति, एसडीएम हथीन अप्रतिम सिंह, सीटीएम प्रीति रावत, डीएमसी मनीषा शर्मा, डीएसपी मनोज वर्मा, डीआरओ बलराज सिंह दांगी, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी संदीप कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।