गौरव गौतम के प्रयासों से कमर्शियल कॉम्प्लेक्स व पार्किंग हेतु जमीन ट्रांसफर को दी मंजूरी

गौरव गौतम के प्रयासों से कमर्शियल कॉम्प्लेक्स व पार्किंग हेतु जमीन ट्रांसफर को दी मंजूरी

पलवल
हरियाणा कैबिनेट की मंजूरी के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग के एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है। इस प्रस्ताव के तहत प्रांतीय सरकार की भूमि को नगर परिषद पलवल को पार्किंग स्थल तथा नगर परिषद के ऑफिसर-कम-कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए वर्तमान कलेक्टर रेट की दरों पर ट्रांसफर किया जाएगा।
यह अहम निर्णय खेल मंत्री गौरव गौतम के निरंतर प्रयासों, सकारात्मक पहल एवं प्रभावी पैरवी का परिणाम माना जा रहा है। मंत्री गौरव गौतम ने पलवल शहर की लंबे समय से चली आ रही पार्किंग समस्या एवं नगर परिषद के लिए उपयुक्त प्रशासनिक परिसर की आवश्यकता को लगातार सरकार के समक्ष उठाया था, जिसके फलस्वरूप आज यह प्रस्ताव कैबिनेट से पारित हुआ। प्रस्ताव के अनुसार वर्ष 2024-25 का कलेक्टर रेट 11,550 रुपये प्रति वर्ग गज निर्धारित किया गया है। इस आधार पर एसडीएम आवास के समीप स्थित कुल 9,944 वर्ग गज भूमि की कीमत राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 19 जनवरी 2021 को जारी नीति के अनुसार लगभग 11 करोड़ 48 लाख 53 हजार 200 रुपये आंकी गई है। भूमि ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नगर परिषद पलवल द्वारा यहां आधुनिक पार्किंग सुविधा के साथ-साथऑफिसर-कम-कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि नगर परिषद पलवल ने इस भूमि को ट्रांसफर कराने संबंधी प्रस्ताव पहले ही 18 जुलाई 2018 को पारित कर दिया था। कैबिनेट की स्वीकृति के बाद अब इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इस परियोजना के साकार होने से पलवल शहर में यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बाजार क्षेत्रों में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी तथा आम नागरिकों को सुगम पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही नगर परिषद को एक आधुनिक प्रशासनिक परिसर मिलेगा, जिससे शहरी सेवाओं के संचालन में पारदर्शिता, गति एवं गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। खेल मंत्री गौरव गौतम ने इस मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पलवल के समग्र विकास के लिए सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में शहर को और अधिक विकास कार्यों की सौगात दी जाएगी।