हरियाणा के महानिदेशक कारागार आलोक मित्तल ने जिला कारागार पलवल का किया दौरा

हरियाणा के महानिदेशक कारागार आलोक मित्तल ने जिला कारागार पलवल का किया दौरा

पलवल
महानिदेशक कारागार आलोक मित्तल ने शुक्रवार को जिला कारागार पलवल का दौरा किया। उन्होंने कारागार में बंदियों को सुधार की ओर कदम बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके लिए उन्होंने संभव मदद का भी भरोसा दिया। महानिदेशक कारागार आलोक मित्तल ने कारागार परिसर में विभिन्न बैरकों का निरीक्षण किया तथा बंदियों के रिकॉर्ड की भी गहनता से पड़ताल की। महानिदेशक कारागार ने कारागार में बंदियों से सीधी मुलाकात करते हुए विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि कारागार केवल सजा देने का स्थान नहीं है, बल्कि यह सुधार और पुनर्वास का केंद्र है, जहां से बंदी अपने जीवन की नई शुरुआत कर सकते हैं। उन्होंने बंदियों के रिकॉर्ड की पड़ताल करते हुए उन्हें सुधरने की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बंदियों को प्रोत्साहित किया कि वे पढ़ाई-लिखाई करें, ताकि कारागार से निकलने के बाद सही दिशा में जीवन यापन कर सकें। साथ में कोई काम-धंधा भी सीखने का प्रयास करें, जिससे कि वे अपनी रोजी-रोटी मेहनत से कमा सकें। उन्होंने जानकारी दी कि नये कानून के तहत सरकार पहली गलती पर सुधरने का अवसर प्रदान करती है। किंतु सुधरने की चाहत बंदियों में अवश्य होनी चाहिए। अपराध की दुनिया सिर्फ बर्बाद करती है। अपराध की दुनिया से बाहर निकलना जरूरी है, जबकि ईमानदारी और मेहनत का रास्ता उसे सम्मान और सफलता दिलाता है। इसलिए अपराध की राह छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ना ही सबसे सही विकल्प है।
दौरे के दौरान आलोक मित्तल ने जिला कारागार की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, भोजन, चिकित्सा सुविधाएं तथा अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कारागार में स्वच्छता, अनुशासन और बंदियों के कल्याण से संबंधित सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर की हों, ताकि बंदियों को सुधार का अनुकूल वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला, जिला जेल अधीक्षक संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।