पलवल में ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण, स्वच्छता का लिया गया संकल्प - गौरव गौतम
पलवल
पलवल स्थित पंजाबी धर्मशाला में आज नव वर्ष हिन्दू सम्मेलन का आयोजन बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने शिरकत की। सम्मेलन के दौरान उपस्थित नागरिकों, कार्यकर्ताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक रूप से श्रवण और अवलोकन किया। कार्यक्रम में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरित होते हुए कहा कि वर्तमान समय वैश्विक स्तर पर चुनौतियों से भरा हुआ है। दुनिया में चल रहे संघर्ष और युद्ध जैसे हालात के बीच भारत ने शांति, संतुलन और कूटनीति का मार्ग अपनाया है। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में स्पष्ट कहा कि यह समय राजनीति का नहीं, बल्कि देशहित में एकजुट होकर कार्य करने का है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इन परिस्थितियों को राजनीतिक दृष्टि से न देखें, बल्कि राष्ट्र की मजबूती के लिए मिलकर प्रयास करें। खेल मंत्री गौरव गौतम ने इस अवसर पर पलवल वासियों से विशेष रूप से स्वच्छता अभियान में भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। श्री गौतम ने युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने स्तर पर स्वच्छता और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य करते हैं, उनका उल्लेख प्रधानमंत्री अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में करते हैं, जो पूरे देश के लिए प्रेरणा बनता है। मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को दोहराते हुए खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि भारत का युवा वर्ग देश की सबसे बड़ी ताकत है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में भारत के युवा हर चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह सक्षम और तैयार हैं। यदि सभी मिलकर एकजुटता के साथ कार्य करें, तो देश को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जा सकता है। सम्मेलन में हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने सभी को हिन्दू नव वर्ष की हार्दिक शुभ कामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मेलन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया कि वे भारतीय संस्कृति, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और एकजुटता को बढ़ाते हैं, जिससे एक मजबूत और विकसित भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होता है। कार्यक्रम के अंत में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने उपस्थित सभी लोगों के साथ देश की एकता, स्वच्छता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे। सभी ने यह विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से ही एक सशक्त, स्वच्छ और विकसित भारत का निर्माण संभव है। नव वर्ष हिन्दू सम्मेलन में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम सहित अन्य गणमान्य लोगों का फूलमालाएं पहनाकर और पगड़ी बांधकर परंपरागत तरीके से स्वागत अभिवादन किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैसला, मार्किट कमेटी पलवल के चेयरमैन पंकज विरमानी, असिस्टेंट रजिस्ट्रार एसवीएसयू राजेश, विजय आर्य, महिला मोर्चा की अध्यक्षा आशा भारद्वाज, आशू राजपाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।