अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर पलवल के एलिवेटेड फ्लाईओवर का नाम “अटल सेतु” रखा गया

अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर पलवल के एलिवेटेड फ्लाईओवर का नाम “अटल सेतु” रखा गया

पलवल
भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं महान राष्ट्रनायक स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के पावन अवसर पर पलवल नगर को एक महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण पहचान मिलने जा रही है। नगर परिषद पलवल के चेयरमैन डॉ. यशपाल ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय राजमार्ग NH-19 पर महर्षि दयानंद चौक (आगरा चौक) से किसान चौक (अलावलपुर चौक) तक स्थित एलिवेटेड फ्लाईओवर का नामकरण अब “अटल सेतु” के रूप में किया जाएगा। डॉ. यशपाल ने बताया कि यह निर्णय हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ हुई विशेष बैठक में विस्तृत और सकारात्मक विचार-विमर्श के बाद लिया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय पलवल की जनता की भावनाओं के अनुरूप है और एक ऐसे राष्ट्रनेता को स्थायी सम्मान देने की दिशा में ठोस कदम है, जिनका योगदान देश के बुनियादी ढांचे और राष्ट्रीय एकता से गहराई से जुड़ा रहा है। डॉ. यशपाल ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी आधुनिक भारत के उन दूरदर्शी नेताओं में अग्रणी रहे, जिनके नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजना जैसी ऐतिहासिक पहलें साकार हुईं। इन योजनाओं ने देश की कनेक्टिविटी को सुदृढ़ किया, व्यापार और उद्योग को गति दी तथा आर्थिक विकास को मजबूत आधार प्रदान किया। NH-19 जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित इस एलिवेटेड फ्लाईओवर का “अटल सेतु” नामकरण उनके दूरदर्शी नेतृत्व और विकासात्मक सोच के प्रति सम्मान का प्रतीक है। डॉ. यशपाल ने कहा कि “अटल सेतु” आज पलवल की यातायात व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बन चुका है, जो प्रतिदिन हजारों नागरिकों और यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और समयबद्ध आवागमन की सुविधा प्रदान करता है। यह संरचना अब केवल एक इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना नहीं रहेगी, बल्कि सुशासन, विकास, संपर्क और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों का स्थायी प्रतीक बनेगी।