जन्तर-मन्तर दिल्ली में ऐतिहासक रहा हरियाणा श्रमजीवी पत्रकारों का विशाल महाधरना
पलवल
हरियाणा के इतिहास में पहली बार श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा द्वारा संघ की संस्थापक व प्रदेश अध्यक्ष डॉ इंदु बंसल जैन के नेतृत्व में हरियाणा के श्रमजीवी पत्रकारों के हितों एवं अधिकारों की सुरक्षा को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक दिवसीय महाधरना आयोजित किया गया। राजधानी स्थित जंतर-मंतर पर आयोजित इस महाधरना प्रदर्शन में हरियाणा के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों श्रमजीवी पत्रकारों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के प्रति रोष व्यक्त किया। इस धरने में श्रमजीवी पत्रकार संघ, पलवल इकाई से प्रधान भूषण ओलिहान के नेतृत्व में पत्रकार कृष्ण कुमार छाबड़ा, अशोक सरदाना, लाल सिंह चौधरी, करतार सिंह, प्रवीण कुकड़ेजा आदि ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी।
पलवल इकाई के प्रधान भूषण ओलिहान ने अपने सम्बोधन में कहा कि सरकार अगर इस धरने के बाद भी 2026 तक पत्रकारों की मांगों पर विचार नही करती तो पलवल इकाई ये वायदा करती है कि आने वाले वर्ष 2027 में श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा के बेनर तले हरियाणा के कोसी बॉर्डर से एक विशाल पैदल मार्च निकाला जाएगा, जिसमें वे खुद भूषण ओलिहान नंगे पाँव चलकर इसकी अगुवाई करेंगे। भूषण जी की इस घोषणा का आये हुए सभी पत्रकारों ने जोर शोर से समर्थन किया।जंतर-मंतर महाधरने पर श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा ने पत्रकार सुरक्षा कानून सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों को संबोधित करते हुए महाधरने की संयोजिका डॉ बंसल ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकार समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए अनेक चुनौतियों का सामना करते हैं, किंतु उनकी सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक स्थिरता तथा पेशेवर संरक्षण के लिए अपेक्षित व्यवस्थाएं अभी भी पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हैं। डॉ. बंसल ने कहा संगठन ने अपने ज्ञापन में पत्रकारों के हितों की रक्षा हेतु व्यापक नीतिगत सुधारों की आवश्यकता पर बल देते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार से त्वरित एवं प्रभावी हस्तक्षेप की मांग की है। डॉ बंसल ने कहा कि वरिष्ठ पत्रकारों के लिए मासिक पेंशन के नियमों में सरलीकरण कर इस का नाम बदल कर पत्रकार सम्मान निधि किया जाए व राशि 25 हजार की जाए ताकि वरिष्ठ पत्रकार अपने जीवन के उत्तरार्ध में सम्मान पूर्वक जीवन यापन कर सकें। डॉ बंसल ने कहा इसके अतिरिक्त पत्रकारों के लिए प्रभावी स्वास्थ्य सुरक्षा, परिवार के बच्चों के लिए निःशुल्क शिक्षा व आवास व्यवस्था लागू करने की भी मांग की गई है, जिससे श्रमजीवी पत्रकार व उनके परिवार गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा, निःशुल्क शिक्षा व आवास योजना जैसी सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा के अनुसार पत्रकारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा के आह्वान पर हरियाणा के इतिहास के इस पहले व विशाल महाधरने को दिल्ली जंतर-मंतर पर उत्तरप्रदेश जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप शर्मा, राजस्थान जर्नलिस्ट एसोसियेशन के पूर्व प्रदेश महासचिव घनश्याम बाघी, राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सैनी ने धरना स्थल पर पहुंच कर समर्थन दिया। इस महाधरने में श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की 14 जिले की इकाइयों के प्रधानों ने अपने वरिष्ठ पत्रकार साथियों के साथ बढ़ चढ़कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।