रेड लाइट जंप करने वालों के यातायात पुलिस ने किये 5 लाख रुपए के चालान
पलवल
पलवल में रेड लाइट होने पर ज़ेबरा क्रॉसिंग क्रॉस करने पर 5000 रुपए का भारी चालान लगेगा। यह निर्णय यातायात नियमों की पालना को बढ़ावा देने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लिया गया है।निरीक्षक जगबीर सिंह ने कहा की जिला पलवल के दो मुख्य चौराहों अलावलपुर चौक तथा बस स्टैंड पलवल पर रेड लाइट स्थापित की गई है, "रेड लाइट का पालन करना बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे हम अपनी और दूसरों की जान को बचा सकते हैं। हमें यातायात नियमों का पालन करना चाहिए और सड़क पर सावधानी से चलना चाहिए।" गत 16 फरवरी को उन्होंने एसडी कॉलेज की एनएसएस विंग के छात्रों के साथ मिलकर रेड लाइट का पालन करने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए अभियान चलाकर प्रेरित भी किया। इसके बावजूद रेड लाइट का उलंघन करने पर उनकी टीम ने बीते रविवार को 100 से अधिक वाहनों के चालान किए हैं, जो 5 लाख से अधिक के हैं।
पलवल ट्रैफिक पुलिस आम जनता से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा के लिए अपना योगदान दें। आइए, हम सभी मिलकर सड़क को सुरक्षित बनाएं और दुर्घटनाओं को रोकें।