नमो क्रिकेट लीग के समापन पर बेस्ट XI बनी चैंपियन, कृष्णपाल गुर्जर ने विजेता टीम को किया सम्मानित
पलवल
माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में युवाओं को नशे से दूर कर खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित पांच दिवसीय "नमो क्रिकेट लीग" का भव्य समापन बामणीखेड़ा स्थित सोनेश क्रिकेट अकादमी में हुआ। यह प्रतियोगिता सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट के मार्गदर्शन में 19 से 23 सितंबर तक आयोजित की गई। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर पहुंचे। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की छुपी हुई प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है। उन्होंने आयोजकों के इस प्रयास की सराहना की।कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ समाजसेवी एवं युवा नेता मोहित उर्फ मोनू कालरा ने किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री के सशक्त युवा-विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रदेश भर में नमो क्रिकेट लीग का आयोजन किया जा रहा है, ताकि युवाओं का सर्वांगीण विकास हो सके। पलवल जिले में इस लीग को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कुल 92 टीमों ने इसमें रजिस्ट्रेशन कराया था। प्रतियोगिता में सभी मैच पांच-पांच ओवर के रखे गए थे। कड़े मुकाबलों और विभिन्न राउंड पार करते हुए फाइनल मुकाबला BEAST XI और PALWAL CHALLENGERS SUPER KING के बीच खेला गया, जिसमें BEAST XI टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए धमाकेदार जीत हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। समापन अवसर पर सभी खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने और खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर रामेश्वर शर्मा, कमल खन्ना, रूपा ठकराल, ब्रजेश शर्मा, पंकज शर्मा, धर्मपाल मास्टर, कृष्ण कुमार, महेंद्र शर्मा, अमित चुटानी, दिनेश पांचाल, विजय शर्मा, नितिन मेहंदीरत्ता, डीओसी योगेश सौरोत, लखवीर सौरोत, ब्रह्मकुमारी आश्रम से पूनम दीदी, शालू दीदी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।