बघोला फ्लाईओवर पर हुड़दंग करने वालों पर पलवल पुलिस की सख्त कार्रवाई
पलवल
बघोला फ्लाईओवर के पास गाड़ियों से बाहर निकलकर पर्चे फेंकने और हुड़दंग करने वाले युवकों पर पलवल पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने दो वाहनों की पहचान कर करीब 35 हजार रुपये का चालान काटा और दोनों गाड़ियों को इंपाउंड कर दिया है। मामला हाल ही का है जब कुछ युवकों ने फ्लाई ओवर के पास यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए हवाबाजी और हुड़दंगबाजी की। घटना का सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. दीप्ति गर्ग ने इसका कड़ा संज्ञान लिया और तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना गदपुरी प्रभारी उप निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर नियमानुसार चालान किया है। पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी युवकों को अपनी गलती का एहसास हुआ। उन्होंने अपनी भूल स्वीकार करते हुए जिले के अन्य युवाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की हवाबाजी या स्टंटबाजी में शामिल न हों। एसपी डॉ. दीप्ति गर्ग ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सड़कें आम जनता की सुरक्षा और आवागमन के लिए हैं, हुड़दंग बाजी या गुंडागर्दी के प्रदर्शन के लिए नहीं। बघोला फ्लाईओवर पर हुई घटना में सख्त कानूनी कदम उठाए गए हैं। जिले में किसी भी प्रकार की बदमाशगिरी और हवाबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर या सोशल मीडिया रील के लिए गाड़ियों से बाहर निकलकर स्टंट करना, यातायात में बाधा डालना और खौफ पैदा करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है। नियम तोड़ने पर भारी जुर्माना, वाहन इंपाउंड और लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की जाएगी। एसपी पलवल ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें। चंद मिनटों की हवाबाजी उनके करियर और भविष्य को बर्बाद कर सकती है।