दीप्ति गर्ग ने संभाला एसपी पलवल का पदभार, महिला सुरक्षा को दी जाएगी सर्वोच्च प्राथमिकता
पलवल
हरियाणा पुलिस में हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत 2020 बैच की आईपीएस अधिकारी दीप्ति गर्ग ने पुलिस अधीक्षक पलवल का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इससे पूर्व वे डीसीपी मुख्यालय झज्जर के पद पर तैनात थीं। एसपी डबवाली व एएसपी सिरसा के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।कार्यभार ग्रहण करने पर डीएसपी मुख्यालय मनोज वर्मा, डीएसपी हथीन रत्नदीप सिंह बाली, डीएसपी ट्रैफिक नरेंद्र खटाना सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी गई।कार्यभार संभालने के बाद एसपी दीप्ति गर्ग ने कार्यालय की सभी शाखाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी को ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कर्तव्य निर्वहन के निर्देश दिए।अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने के साथ जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए सख्त कार्रवाई और जन जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। उन्होंने यातायात व्यवस्था सुधारने, नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि अपराध नियंत्रण प्राथमिकता रहेगी, अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई होगी और पुलिस-जनता के बीच विश्वास का मजबूत संबंध स्थापित किया जाएगा।