राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान का शुभारंभ, प्रत्येक बच्चे तक पहुंचेगी पोलियो की दो बूंद

राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान का शुभारंभ, प्रत्येक बच्चे तक पहुंचेगी पोलियो की दो बूंद
💡
स्वास्थ्य विभाग के निदेशक ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया अभियान का शुभारंभ
💡
जिले में 889 बूथों पर 1.52 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा

पलवल
राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत रविवार को पलवल के कैंप स्थित शहीद मदनलाल ढींगरा भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. वीरेंद्र यादव ने रिबन काटकर तथा शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. सतेंद्र वशिष्ठ, उप सिविल सर्जन डॉ. संजय कुमार, डॉ. संजीव तंवर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. वीरेंद्र यादव ने कहा कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान भारत सरकार, हरियाणा सरकार तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के संयुक्त प्रयासों का महत्वपूर्ण अभियान है। पिछले कई वर्षों से लगातार चलाए जा रहे इस अभियान के कारण भारत ने पोलियो उन्मूलन की दिशा में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। अब आवश्यकता इस बात की है कि प्रत्येक अभियान के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि इस बार हरियाणा प्रदेश में लगभग 36 लाख बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए पूरे प्रदेश में 17 हजार 331 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मी बच्चों को पोलियो की खुराक पिला रहे हैं। डॉ. वीरेंद्र यादव ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर में 34 हजार से अधिक बूथ स्तरीय कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके अतिरिक्त लगभग साढ़े तीन हजार सुपरवाइजर अभियान की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल बूथों तक ही सीमित न रहकर स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर तथा हाई रिस्क क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाना सुनिश्चित करेंगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य केवल लक्ष्य पूरा करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि एक भी बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित न रहे। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ इस अभियान को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। सिविल सर्जन डॉ. सतेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत पलवल जिले में 889 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इन बूथों पर शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के लगभग एक लाख 52 हजार बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम दिवस अधिकतम बच्चों को बूथों पर ही पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है तथा लगभग 90 प्रतिशत बच्चों को पहले ही दिन कवर करने की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि पल्स पोलियो दिवस के बाद भी यदि कोई बच्चा किसी कारणवश पोलियो की खुराक लेने से वंचित रह जाता है तो 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।
सिविल सर्जन ने बताया कि जिले में 153 मोबाइल टीमें तथा 1037 घर-घर भ्रमण दल गठित किए गए हैं। इन टीमों में वैक्सीनेटर, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सुपरवाइजर शामिल हैं। अभियान के दूसरे एवं तीसरे दिन ये टीमें घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करेंगी कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक माता-पिता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। यदि किसी कारणवश बच्चा पोलियो बूथ तक नहीं पहुंच पाता है, तो अभिभावक घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीम को अवश्य सहयोग करें। डॉ. सतेंद्र वशिष्ठ ने कहा कि एक समय था जब देश में बड़ी संख्या में बच्चे पोलियो जैसी गंभीर बीमारी का शिकार होते थे, लेकिन सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग के निरंतर प्रयासों तथा आम जनता के सहयोग से भारत पोलियो मुक्त राष्ट्र बन सका है। इस उपलब्धि को बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पोलियो की दो बूंद पूरी तरह सुरक्षित एवं प्रभावी है। इसलिए सभी अभिभावक अपने पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को प्रत्येक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में अवश्य पोलियो की खुराक पिलाएं, चाहे बच्चे को पहले भी कई बार पोलियो की दवा पिलाई जा चुकी हो।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं तथा 29 एवं 30 जून को घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीमों का भी पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि दो बूंद जिंदगी की केवल एक नारा नहीं, बल्कि बच्चों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य का संकल्प है। सभी के सहयोग से ही पलवल जिले को पूर्णत: पोलियो मुक्त बनाए रखने का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकेगा।

Read more

खेल मंत्री गौरव गौतम ने मन की बात कार्यक्रम का किया सामूहिक श्रवण

खेल मंत्री गौरव गौतम ने मन की बात कार्यक्रम का किया सामूहिक श्रवण

पलवल हरियाणा सरकार के खेल मंत्री गौरव गौतम ने रविवार को अपने पलवल स्थित आवास पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं गणमान्

By Ashok Sardana
हथीन में कांग्रेस का BLA-2 प्रशिक्षण शिविर आयोजित, SIR की दी गई जानकारी

हथीन में कांग्रेस का BLA-2 प्रशिक्षण शिविर आयोजित, SIR की दी गई जानकारी

पलवल पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल के नेतृत्व में हथीन विधानसभा क्षेत्र के रेस्ट हाउस, हथीन में SIR को लेकर BLA-2 प्रशिक्षण शिविर का

By Ashok Sardana
केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने पलवल में जिला स्तरीय योग दिवस में किया योगाभ्यास

केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने पलवल में जिला स्तरीय योग दिवस में किया योगाभ्यास

💡पलवल में भव्य रूप से मनाया गया जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पलवल पलवल की बृज भूमि उस समय योगमय हो गई जब नेताजी सुभाष चंद्र बोस

By Ashok Sardana
22 जून को कैबिनेट में फैंसला नहीं हुआ तो गेस्ट टीचर्स करेंगे आंदोलन

22 जून को कैबिनेट में फैंसला नहीं हुआ तो गेस्ट टीचर्स करेंगे आंदोलन

पलवल हरियाणा के लगभग 11 हजार गेस्ट टीचर्स अपने नियमिती करण की मांग को लेकर एक बार फिर लामबंद हो रहे हैं। अनुबंधित अध्यापक संघ ने चेतावनी

By Ashok Sardana