पलवल पुलिस की बड़ी सफलता, 5 हजार के इनामी गोतस्कर को दबोचा
पलवल
एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी उप निरीक्षक हनीश खान और थाना सदर पुलिस की संयुक्त टीम ने 5 हजार रुपये के इनामी भगोड़े गोतस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सेल प्रभारी हनीश खान ने बताया कि मामला 27 जून 2024 का है। गौरक्षक दल के सदस्य महेंद्र निवासी रायपुर को सूचना मिली थी कि छोटा हाथी गाड़ी में गोवंश भरकर केजीपी के रास्ते पलवल से मेवात काटने के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस और गौरक्षकों ने हरचंदपुर रोड पर केएमपी पुल के नीचे नाकाबंदी कर गाड़ी को पकड़ा। जांच में गाड़ी में 3 गोवंश ठूंस-ठूंस कर भरे मिले, जिनके कोई वैध कागजात चालक पेश नहीं कर सका। मौके से मोहम्मद तालीम खान निवासी कादीपुर दिल्ली और ओम कुमार निवासी नत्थुपुरा बुराड़ी दिल्ली को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया और गोवंश को आलापुर गौशाला भेजा गया है। जांच में मुख्य आरोपी वकील उर्फ फूद्दड़ पुत्र बाबुद्दीन निवासी उटावड़, हाल पड़ली रोड नूंह का नाम सामने आया, जो फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर आईजीपी दक्षिण क्षेत्र रेवाड़ी ने 5 हजार का इनाम घोषित किया था। 6 सितंबर को संयुक्त टीम ने उसे दबोच लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन गोतस्कर है और उस पर हरियाणा गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत पहले से 3 मुकदमे दर्ज हैं। विवेचना अधिकारी उप निरीक्षक टेक सिंह ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भिजवा दिया है।