खेल मंत्री गौरव गौतम ने मन की बात कार्यक्रम का किया सामूहिक श्रवण
पलवल
हरियाणा सरकार के खेल मंत्री गौरव गौतम ने रविवार को अपने पलवल स्थित आवास पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात का सामूहिक श्रवण किया। कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों को दिए गए प्रेरणादायी संदेशों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, जन भागीदारी और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का सशक्त अभियान बन चुका है।
खेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर में हो रहे सकारात्मक कार्यों, नवाचारों, सामाजिक सरोकारों एवं आम नागरिकों की प्रेरणादायक उपलब्धियों को मन की बात के माध्यम से पूरे देश के सामने रखते हैं। इससे न केवल उन लोगों का उत्साहवर्धन होता है, बल्कि करोड़ों नागरिकों को भी समाज और राष्ट्र के लिए कुछ बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने प्रत्येक संबोधन में ऐसे विषयों को प्रमुखता देते हैं, जो देश के विकास, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान का संदेश देता है, जबकि लोकल फॉर वोकल अभियान देश के स्थानीय उत्पादों, कारीगरों और लघु उद्योगों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रधानमंत्री के आह्वान के बाद देशभर में स्वदेशी उत्पादों के प्रति लोगों का विश्वास और उपयोग दोनों बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री समय-समय पर स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, जैविक खेती, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा समाज के प्रेरणादायी व्यक्तित्वों का उल्लेख कर नागरिकों को राष्ट्रहित के कार्यों में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री युवाओं को खेल, नवाचार, स्टार्टअप, विज्ञान, तकनीक और सामाजिक दायित्वों के प्रति निरंतर प्रेरित करते हैं। खेलों को बढ़ावा देने तथा खिलाडिय़ों को बेहतर सुविधाएं एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र के नेतृत्व में केंद्र तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज खेलों के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य है और सरकार खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मन की बात के प्रत्येक एपिसोड में देश के विभिन्न राज्यों से ऐसे लोगों की प्रेरक कहानियां सामने आती हैं, जिन्होंने अपने प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। इन उदाहरणों से नई पीढ़ी प्रेरणा लेकर समाज सेवा, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में आगे बढ़ती है। श्री गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं विरासत के संरक्षण को लेकर सदैव गंभीर रहे हैं। खेल मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने सदैव देश के वीर सैनिकों और शहीदों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद दिनेश कुमार सहित अन्य शहीदों के नाम नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर अंकित किए गए हैं। यह पूरे प्रदेश और देश के लिए गर्व एवं सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर जवानों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सरकार शहीदों के परिवारों के कल्याण एवं सम्मान के लिए निरंतर संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है और भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने सभी नागरिकों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेशों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक समाज एवं राष्ट्रहित में एक सकारात्मक कार्य करने का संकल्प ले, तो विकसित भारत का लक्ष्य शीघ्र ही साकार होगा। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, सामाजिक समरसता, स्वच्छता एवं जनसेवा जैसे कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा मन की बात कार्यक्रम देशवासियों को इसी प्रकार प्रेरित करता रहेगा और राष्ट्र निर्माण के अभियान को और अधिक सशक्त बनाएगा।
इस अवसर पर समाजसेवी मनोज रावत, प्रदेश लीगल सेल के सहसंयोजक प्रमोद कुमार, भाजपा के वरिष्ठ नेता इंद्रपाल शर्मा, वेद प्रकाश शर्मा, केडी गौतम, रवि गांगुली भाजपा की वरिष्ठ नेत्री भावना रावत सहित अनेक गणमान्य लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे।