पलवल अनाज व सब्जी मंडी की बदलेगी तस्वीर, सफाई अभियान को लेकर मंथन
पलवल
पलवल की अनाज मंडी को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में पहल तेज होती नजर आ रही है। इसी कड़ी में बुधवार को मार्केट कमेटी पलवल में एनजीओ प्रतिनिधियों के साथ मंडी में व्यापक सफाई अभियान चलाने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई। बैठक में मंडी परिसर की मौजूदा स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, नियमित सफाई सुनिश्चित करने, कूड़े के उचित निस्तारण तथा किसानों और व्यापारियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। एनजीओ के सहयोग से मंडी में विशेष सफाई अभियान चलाने की योजना पर भी चर्चा हुई। इस दौरान मंडी परिसर में सफाई से जुड़ी समस्याओं, कूड़ा उठाने की व्यवस्था और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने को लेकर भी मंथन किया गया। अभियान का उद्देश्य मंडी में आने वाले किसानों, आढ़तियों, श्रमिकों और आम लोगों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। मार्केट कमेटी के अध्यक्ष पंकज विरमानी ने कहा कि मंडी की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। एनजीओ के सहयोग से सफाई अभियान को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है, ताकि मंडी परिसर में स्वच्छता को नियमित व्यवस्था का हिस्सा बनाया जा सके। वहीं वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि पंकित सिंगला ने भी मंडी की सफाई व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाने तथा अभियान में सामाजिक संस्थाओं और मंडी से जुड़े लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि सफाई अभियान केवल एक दिन तक सीमित न रहे, बल्कि इसके बाद भी मंडी में नियमित सफाई और स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। मार्केट कमेटी की इस पहल से पलवल अनाज मंडी की तस्वीर जल्द बदलने की उम्मीद जगी है। आने वाले दिनों में यदि प्रस्तावित सफाई अभियान को व्यापक स्तर पर लागू किया जाता है तो मंडी परिसर में स्वच्छता व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।