प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर 17 सितंबर से चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’ - राजेश नागर
पलवल
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। मंगलवार को लोक निर्माण विश्राम गृह में आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री राजेश नागर ने बताया कि अभियान के दौरान सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं की भागीदारी से सेवा, जनकल्याण और जरूरतमंदों की सहायता के कार्यक्रम होंगे। इसका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत एक दर्जन से अधिक विशेष कार्यक्रम होंगे। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को शाम 7 बजे प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में घर-घर दीप जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की जाएगी। ‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत स्कूलों में ड्राइंग प्रतियोगिता, ‘सेवा की कहानी’ के तहत नुक्कड़ नाटकों से योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
'सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से गांवों में यात्राएं निकाल कर विकसित भारत 2047 के लिए जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी। प्रदेश के 19,365 आंगनवाड़ी केंद्रों पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों को वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वच्छता सहित 25 प्रकार के सेवा कार्यों के लिए प्रेरित किया जाएगा।अभियान के दौरान हरियाणा को मोतियाबिंद मुक्त बनाने का संकल्प भी लिया गया है।
मंत्री ने बताया कि ‘सेवा सेतु’ शिविर प्रत्येक विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर एक सप्ताह लगाए जाएंगे, जहां पात्र लोगों को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत रंगोलियों से योजनाओं का संदेश दिया जाएगा और युवाओं के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ भी आयोजित होगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच कम से कम एक सेवा कार्य अवश्य करें। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, पूर्व जिलाध्यक्ष जवाहर सिंह सौरोत, मेहरचंद गहलौत, प्रवीण ग्रोवर, नरेंद्र नंबरदार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।